शुक्रवार, 09 जनवरी, 2009 को 12:33 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र की युद्धविराम की अपील के बावजूद इसराइली लड़ाकू विमानों ने गज़ा में गुरुवार की रात भी हमले जारी रखे.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक प्रस्ताव पारित करके युद्धविराम की अपील की थी और साथ ही कहा था कि वहाँ अंतरराष्ट्रीय राहतकर्मियों को जाने की अनुमति दी जाए.
प्रस्ताव में कहा गया है कि मध्य पूर्व में "तत्काल स्थायी युद्धविराम हो जिसका सभी पक्ष पालन करें, और इसराइली सैनिक गज़ा से पूरी तरह बाहर निकल जाएँ."
गज़ा पर 27 दिसंबर से शुरू हुए हमले के बाद से यह पहला मौक़ा है जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कोई प्रस्ताव पारित किया है.
गुरुवार की रात को गज़ा में इसराइली विमानों ने कम से कम 50 स्थानों पर हमले किए जिनमें कम से कम पाँच लोग मारे गए.
इस बीच हमास के चरमपंथियों ने दक्षिणी इसराइल पर रॉकेट हमले जारी रखे हैं.
पिछले एक पखवाड़े से चल रही लड़ाई में अब तक 770 फ़लस्तीनी और 14 इसराइली मारे गए हैं.
इस बीच इसराइली सेना पर ऐसे आरोप लग रहे हैं कि वह आम नागरिकों के शरणस्थलों को निशाना बना रही है.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि इसराइली सैनिकों ने पहले 100 लोगों को यह कहते हुए एक ख़ास स्थान पर पहुँचाया कि वहाँ वे सुरक्षित रहेंगे, लेकिन बाद में उन्होंने वहाँ बमबारी करके 30 लोगों को मार डाला.
यह घटना गज़ा के ज़ैतून इलाक़े में हुई और इसराइल का कहना है कि वह इस मामले की जाँच कर रहा है.
हमले जारी रहेंगे
सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक के बाद प्रधानमंत्री यहूद ओल्मर्ट ने कहा कि गज़ा में इसराइली हमले जारी रहेंगे.
इसराइल की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है, "आज सुबह जिस तरह से रॉकेट दाग़े गए हैं उससे साफ़ समझ में आता है कि संयुक्त राष्ट्र का प्रस्ताव व्यावहारिक नहीं है, फ़लस्तीनी हत्यारे संगठन इसका पालन नहीं करेंगे."
इससे पहले हमास ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि वह "फ़लस्तीनियों के हित में नहीं है."
गज़ा में हमास के प्रवक्ता अयमन ताहा ने कहा, "हालाँकि हम गज़ा में प्रमुख पक्ष हैं लेकिन इस प्रस्ताव के बारे में हमसे कोई चर्चा नहीं हुई है, इसमें हमारे नज़िरए का ध्यान नहीं रखा गया है."
शुक्रवार को दुनिया के कई मुस्लिम बहुल देशों में इसराइली हमलों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन होने की संभावना है.