बुधवार, 31 दिसंबर, 2008 को 07:25 GMT तक के समाचार
मध्य पूर्व में ग़ज़ा में जारी लड़ाई को रुकवाने के कूटनीतिक प्रयास फ़िलहाल नाकाम हो गए हैं, इसराइल ने 48 घंटे के संघर्षविराम के अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक प्रस्ताव को ठुकरा दिया है.
इसराइल सरकार के प्रवक्ता मार्क रेगेव ने कहा, " इसराइल कोई छोटा-मोटा या कुछ ही दिनों में ख़त्म हो जाने वाला समाधान नहीं चाहता है लेकिन वह चाहता है कि बातचीत चलती रहे."
इसराइली अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक में अन्य विकल्पों के साथ-साथ 48 घंटे के संघर्षविराम पर भी चर्चा हुई थी.
इसके साथ ही ये धमकी भी दी गई है कि यदि फ़लस्तीनी रॉकेट हमले जारी रहे तो इसराइली थल सेना भी कार्रवाई कर सकती है.
स्थानीय पत्रकारों के अनुसार ग़ज़ा में पाँचवें दिन भी इसराइली हवाई हमले जारी है और कम से कम 380 फ़लस्तीनी मारे गए हैं. हमास के रॉकेट हमलों में चार इसराइली मारे गए हैं.
इसराइल का कहना है कि ग़ज़ा से उसके क्षेत्रों में हमास के हमले होते हैं और इसीलिए वह यह कार्रवाई कर रहा है.
हाल में इसराइल और हमास के बीच ग़ज़ा संबंधित छह महीने का संघर्षविराम ख़त्म हो गया था. हमास ने कहा था कि वह संघर्षविराम को आगे नहीं बढ़ाना चाहता क्योंकि इसराइल ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं.
इस मुद्दे पर तेज़ हुए अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के तहत पेरिस में यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की बैठक में तत्काल संघर्षविराम की अपील की गई है. उधर मध्यपूर्व शांति प्रक्रिया में सक्रिय संयुक्त राष्ट्र, अमरीका, रूस और यूरोपीय संघ ने संयुक्त तौर पर युद्धविराम की अपील की है.
दूसरी ओर, अरब देशों के संगठन अरब लीग ने बुधवार को काहिरा में एक आपात बैठक बुलाई है.
अमरीका में प्रदर्शन
जहाँ एक ओर हिंसा बंद कराने के अंतरराष्ट्रीय प्रयास हो रहे हैं वहीं अमरीका में लगभग तीन हज़ार प्रदर्शनकारियों ने राजधानी वॉशिंगटन की सड़कों पर जुलूस है और इसराइली हमलों का विरोध किया है.
अमरीका में अनेक प्रदर्शनकारियों ने इसराइल और अमरीका के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की और उनमें से अनेक ने आरोप लगाए कि उनके दिए गए टैक्स में से अमरीकी सरकार इसराइल को सैनिक और आर्थिक सहायता देती है.
उधर संयुक्त राष्ट्र, अमरीका, रूस और यूरोपीय संघ ने संयुक्त तौर की गई अपील में कहा है - ''हम सभी पक्षों से ग़ज़ा की गंभीर मानवीय और आर्थिक ज़रूरतों को देखते हुए आवश्यक आपूर्ति को जारी रखने का अनुरोध करते हैं.''
इससे पहले इसराइल के प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट ने कहा था कि ग़ज़ा में इसराइली सैन्य अभियान का अभी पहला चरण ही शुरू हुआ है.