शुक्रवार, 19 दिसंबर, 2008 को 03:20 GMT तक के समाचार
इसराइल और फ़लस्तीनी संगठन हमास के बीच ग़ज़ा में संघर्षविराम समझौता शुक्रवार को ख़त्म हो गया है. इस्लामी चरमपंथी संगठन हमास ने इसकी घोषणा की है और कहा है कि वह समझौते को आगे नहीं बढ़ाएगा.
हमास ने अपने फ़ैसले के लिए इसराइल को दौषी ठहराया है. हमास का कहना है कि इसराइल ने ग़ज़ा की नाकेबंदी ख़त्म करने का वादा नहीं निभाया है.
उधर इसराइल का कहना है कि उसने ऐसा कोई वादा किया ही नहीं था.
बीबीसी के मध्यपूर्व संवाददाता का कहना है कि दोनों पक्षों में से कोई भी नहीं चाहता कि उस क्षेत्र में संघर्ष दोबारा शुरु हो लेकिन हिंसा दोबारा शुरु होने का ख़तरा बना हुआ है.
ग़ौरतलब है कि जहाँ शुक्रवार को संघर्षविराम की अवधि समाप्त हो रही है वहीं फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास अमरीका पहुँचे हैं. राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के पद छोड़ने से पहले महमूद अब्बास उनसे आख़िरी बार मिलेंगे.
दोनों पक्षों के बीच संघर्षविराम इस साल 19 जून से प्रभावी हो गया था. इसके तहत दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ख़िलाफ़ हिंसक गतिविधियाँ रोकने का आश्वासन दिया था.
हाल के महीनों में संघर्षविराम के बावजूद दोनों तरफ़ से कई हिसक गतिविधियाँ हुई हैं.
बीबीसी के मध्यपूर्व संवाददाता टिम फ़्रैंक्स का कहना है कि क्षेत्र में रहने वाले लोग चिंतित हैं कि कहीं फिर हिंसक गतिविधियाँ शुरु न हो जाएँ.