http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 18 नवंबर, 2008 को 04:31 GMT तक के समाचार

अपहृत तेल जहाज़ सोमालिया के क़रीब

अमरीकी नौसेना का कहना है कि हिंद महासागर से अगवा किए गए सऊदी अरब से एक बड़े तेल टैंकर को समुद्री लुटेरे सोमालिया के तट के क़रीब ले गए हैं.

यह अब तक का सबसे बड़ा तेल टैंकर है जिसका अपहरण किया गया है.

अधिकारियों का कहना है कि इस पर दो लाख बैरल तेल लदा हुआ है जो सऊदी अरब के प्रतिदिन के उत्पादन का एक चौथाई है.

इसकी क़ीमत 20 करोड़ डॉलर आंकी गई है.

समुद्री लुटेरों ने कीनियाई तट से दूर हिंद महासागर में इस तेल टैंकर को अगवा कर लिया था.

शनिवार को जब सीरियस स्टार नामक यह टैंकर कीनियाई बंदरगाह मोम्बासा से 450 समुद्री मील की दूरी पर था तभी समुद्री लुटेरों ने इसे अपने नियंत्रण में ले लिया.

बताया गया है कि टैंकर पर सवार अंतरराष्ट्रीय चालक दल के सभी 25 सदस्य सुरक्षित हैं. इनमें ब्रिटेन के भी दो सदस्य शामिल हैं.

अमरीकी नौसेना के पाँचवे बेड़े के मुताबिक टैंकर आईल बंदरगाह के पास पहुँच रहा है जिसका इस्तेमाल सोमालियाई समुद्री लुटेरे करते आए हैं.

आंतरिक युद्ध से ग्रस्त सोमालिया में 1991 के बाद से ही कोई असरदार सरकार नहीं है.

मोम्बासा स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि किसी टैंकर को अगवा किए जाने की यह तीसरी घटना है.

सबसे बड़ा जहाज़

अब तक लुटेरे जिन आकारों के जहाज़ों को निशाना बनाते आए हैं, उनमें सीरियस स्टार सबसे बड़ा है.

अमरीकी नौसेना के मुताबिक इस टैंकर पर लाइबेरिया का राष्ट्रीय झंडा लगा था.

ब्रितानी विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि टैंकर पर दो ब्रिटिश नागरिक सवार हैं लेकिन उनकी क्या भूमिका है, ये उन्होंने नहीं बताया है.

चालक दल के अन्य सदस्य क्रोएशिया, फिलीपिंस, पोलैंड और सऊदरी अरब के हैं.

इस जहाज़ के मालिक वेला इंटरनेशनल नामक कंपनी का कहना है कि सभी सवार सुरक्षित हैं. कंपनी ने कहा है, "हमारी टीम हरकत में आ चुकी है. हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि चालकों और जहाज़ को सुरक्षित निकाल लें."

यह जहाज़ 330 मीटर लंबा है यानी लगभग उतना ही बड़ा जितना कि अमरीकी विमान वाहक जहाज़ होता है.