http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 17 नवंबर, 2008 को 17:26 GMT तक के समाचार

तेल से लदा जहाज़ लुटेरों के क़ब्ज़े में

समुद्री लुटेरों ने कीनियाई तट से दूर हिंद महासागर में सऊदी अरब के एक बड़े तेल टैंकर को अगवा कर लिया है. लुटेरे इसे सोमालिया की ओर ले जा रहे हैं.

शनिवार को जब सीरियस स्टार नामक यह टैंकर कीनियाई बंदरगाह मोम्बासा से 450 नॉटिकल मील की दूरी पर था तभी समुद्री लुटेरों ने इसे अपने नियंत्रण में ले लिया.

लुटेरे अब इसे सोमालियाई बंदरगाह आईल की ओर ले जा रहे हैं.

इस जहाज़ पर बने टैंकर में बीस लाख बैरल तेल लदा है जो सऊदी अरब के रोज़ाना उत्पादन का एक चौथाई है.

टैंकर पर सवार अंतरराष्ट्रीय चालक दल के सभी 25 सदस्य सुरक्षित हैं. इनमें ब्रिटेन के भी दो सदस्य शामिल हैं.

अमरीकी नौसेना के पाँचवे बेड़े के मुताबिक टैंकर आईल बंदरगाह के पास पहुँच रहा है जिसका इस्तेमाल सोमालियाई समुद्री लुटेरे करते आए हैं.

आंतरिक युद्ध से ग्रस्त सोमालिया में 1991 के बाद से ही कोई असरदार सरकार नहीं है.

मोम्बासा स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि किसी टैंकर को अगवा किए जाने की यह तीसरी घटना है.

सबसे बड़ा जहाज़

अब तक लुटेरे जिन आकारों के जहाज़ों को निशाना बनाते आए हैं, उनमें सीरियस स्टार सबसे बड़ा है.

अमरीकी नौसेना के मुताबिक इस टैंकर पर लाइबेरिया का राष्ट्रीय झंडा लगा था.

ब्रितानी विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि टैंकर पर दो ब्रिटिश नागरिक सवार हैं लेकिन उनकी क्या भूमिका है, ये उन्होंने नहीं बताया है.

चालक दल के अन्य सदस्य क्रोएशिया, फिलीपिंस, पोलैंड और सऊदरी अरब के हैं.

इस जहाज़ के मालिक वेला इंटरनेशनल नामक कंपनी का कहना है कि सभी सवार सुरक्षित हैं. कंपनी ने कहा है, "हमारी टीम हरकत में आ चुकी है. हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि चालकों और जहाज़ को सुरक्षित निकाल लें."