http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 18 अक्तूबर, 2008 को 11:57 GMT तक के समाचार

बग़दाद में अमरीका विरोधी रैली

इराक़ में शिया नेता मुक़्तदा अल सद्र के लगभग 50 हज़ार समर्थकों ने इराक़ में अमरीकी सेनाओं के वर्ष 2011 तक तैनात रहने की योजना के विरोध में बग़दाद में प्रदर्शन किया है.

ये लोग उस समझौता के मसौदे का विरोध कर रहे हैं जिसके तहत अमरीकी सेनाओं की इराक़ से वर्ष 2011 तक ही वापसी हो पाएगी. वे चाहते हैं कि अमरीकी सेना तत्काल इराक़ से बाहर निकल जाए.

मुक़्तदा अल सद्र की ओर से पढ़े गए एक बयान में उन्होंने इस समझौते की निंदा की और इराक़ के अन्य समुदायों से भी अपील की कि वे ऐसा ही करें.

उनके समर्थकों ने राष्ट्रपति बुश और अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस के पुतले जलाए. प्रदर्शनकारी 'कब्ज़ा करने वालो बाहर जाओ' चिल्लाते हुए नारे लगा रहे थे.

आम शियाओं का समर्थन

इराक़ और अमरीका के वार्ताकारों ने कई महीनों की बातचीत के बाद जिस समझौते के मसौदे पर सहमति जताई है उसके अनुसार अमरीकी सेना इराक़ में वर्ष 2011 तक तैनात रहेगी. इस समझौते की इराक़ी सरकार ने अभी पुष्टि करनी है.

अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेनाओं को संयुक्त राष्ट्र की ओर से इराक़ में इस साल के अंत तक रहने की अनुमति है.

इराक़ में इस समय एक लाख 52 हज़ार विदेशी सैनिक हैं जिनमें से एक लाख 44 हज़ार अमरीकी सैन्य कर्मचारी है.

बीबीसी के बग़दाद संवाददाता जिम मोयर का कहना है कि मुक़्तदा अल सद्र के उग्र विरोध को आम शियाओं का समर्थन प्राप्त है और ये विरोध प्रदर्शन उसी समर्थन की एक झलक थी.