http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 15 अक्तूबर, 2008 को 20:27 GMT तक के समाचार

ओबामा-मैक्केन की आखिरी बहस

अमरीका के राष्ट्रपति पद के दोनों उम्मीदवारों बराक ओबामा और जॉन मैक्केन के बीच चुनावों से पहले आमने सामने की आखिरी बहस बुधवार सुबह होगी.

चुनावों में अब तीन हफ्ते से कम समय रह गया है और मैक्केन फ़िलहाल ओबामा से काफ़ी पीछे चल रहे हैं.

दोनों नेताओं के बीच तीसरी बहस में मुख्य मुद्दा अर्थव्यवस्था हो सकती है और दोनों ही उम्मीदवार आज अपनी अपनी आर्थिक योजना पेश कर सकते हैं.

न्यूयॉर्क टाइम्स और सीबीएस न्यूज़ के एक सर्वे में ओबामा को 53 प्रतिशत और मैक्केन को 39 प्रतिशत मत मिले हैं.

कई लोगों ने सारा पैलिन को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने जाने के मैक्केन के फ़ैसले की आलोचना की है और अपना समर्थन नहीं देने की वजह इसी को बताया है.

ओबामा पहली बार पुऱुषों और स्वतंत्र उम्मीदवारों की पसंद बताए जा रहे हैं और पिछले कुछ महीनों में ओबामा ने इन समूहों पर ही ध्यान केंद्रित किया था.

दोनों नेताओं की बीच आखिरी बहस न्यूयॉर्क के लांग आईलैंड में होफ्सतरा यूनिवर्सिटी कैंपस में होगी जिसका संचालन सीबीएस न्यूज़ के बॉब स्कीफर करेंगे.

मैक्केन ने अपनी आर्थिक योजना में 52 अरब डॉलर की टैक्स कटौती की पेशकश रखी है ताकि उन लोगों को फ़ायदा हो जो रिटायर हैं और जिनका पैसा डूब गया है.

उधर ओबामा ने विभिन्न राज्यों को मदद के लिए 60 अरब डॉलर आपात पैकेज देने का प्रस्ताव किया है जिससे उन लोगों को रोज़गार मिल सके जिनकी नौकरियां ख़त्म हो गई हैं.

ओबामा का कहना है कि रिपब्लिकन पार्टी की नीतियां सभी लोग देख चुके हैं और अब समय आ गया है कि डेमोक्रेट पार्टी सत्ता में आए.

उधर मैक्केन ने माना है कि बुश की नीतियों से लाभ नहीं हुआ है और कुछ बड़े फैसले जल्दी करने होंगे.

दोनों नेताओं के बीच यह बहस ऐसे समय में हो रही है जब अमरीका की आर्थिक हालत ख़स्ता है और लोगों का मूड अत्यंत ख़राब है.