रविवार, 28 सितंबर, 2008 को 02:04 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने नया प्रस्ताव पारित कर ईरान से यूरेनियम संवर्धन रोकने को कहा है. हालाँकि ईरान ने इस प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया है.
पिछले प्रस्तावों की तरह ताज़ा प्रस्ताव में ईरान पर कोई नया प्रतिबंध नहीं लगाया गया है.
इसमें कहा गया है कि पिछले प्रस्तावों के तहत ईरान अपनी जवाबदेही को बिना देरी किए पूरा करे और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के साथ सहयोग करे.
हालाँकि ईरान का कहना है कि इस प्रस्ताव पर सुरक्षा परिषद में सहमति नहीं बनी और इसका कोई मतलब नहीं है.
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि बैठक में जैसे ही ईरान पर प्रतिबंधों के बारे में चर्चा शुरु हुई, रूस ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया.
पश्चिमी देश आरोप लगाते रहे हैं कि ईरान परमाणु हथियार बनाने के लिए यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है.
दूसरी ओर ईरान का कहना रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है.
ईरान के मुख्य परमाणु वार्ताकार सईद जलीली ने कहा कि नए प्रस्ताव से अविश्वास बढ़ेगा और वैश्विक शांति और सुरक्षा को मदद नहीं मिलेगी.
इससे पहले बुधवार को ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने चेतावनी दी थी कि परमाणु लक्ष्यों की राह बाधा डालने वाले ताकतवर देशों का वो विरोध करेंगे.