गुरुवार, 28 अगस्त, 2008 को 21:47 GMT तक के समाचार
डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से अमरीकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार घोषित होने के बाद बराक ओबामा डेनवर में पार्टी के एक सम्मेलन को संबोधित करनेवाले हैं.
उनका ये भाषण एक फ़ुटबॉल स्टेडियम में होगा जिसमें 80 हज़ार डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थकों के जमा होने की उम्मीद की जा रही है.
ओबामा के सलाहकारों का कहना है कि समारोह स्थल से अलग उनके भाषण के लिए स्टेडियम का चुनाव इसलिए किया ताकि सभी लोग उसमें समा सकें.
लेकिन उनके आलोचकों का कहना है कि ये उनके घमंड को दिखाता है और इससे ओबामा को अपने प्रचार में कोई मदद नहीं मिलेगी.
इसके पहले सम्मेलन में बराक ओबामा को पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन ने खुलकर अपना समर्थन दे दिया था.
डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ़ से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडन ने भी ओबामा की जमकर तारीफ़ की थी.
क्लिंटन दंपत्ति का समर्थन
राष्ट्रपति पद के उम्मदीवार की दौड़ में बराक ओबामा को क्लिंटन का समर्थन मिलना एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.
बिल क्लिंटन ने समारोह में कहा, "मैं चाहता हूँ कि जिन लोगों ने भी अब तक हिलेरी को समर्थन दिया था वो अब नवंबर में चुनाव के लिए बराक ओबामा को समर्थन दें."
हिलेरी क्लिंटन ने कहा, "आज हम एक आवाज़ में, अभी और इसी वक्त ये ऐलान करते हैं कि बराक ओबामा हमारे उम्मीदवार हैं."
इससे पहले ओबामा के ख़िलाफ़ राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन खड़ी हुई थीं और उन्होंने ओबामा को काफ़ी टक्कर दी थी.
इससे पहले ऐसा कहा जा रहा था कि हिलेरी क्लिंटन और बिल क्लिंटन खुलकर ओबामा का समर्थन नहीं कर रहे हैं.
ग़ौरतलब है कि अमरीका के राष्ट्रपति के लिए आम चुनाव चार नवंबर को होना है जिसमें डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बराक ओबामा का मुक़ाबला रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन मैक्केन से होगा.