http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 23 अगस्त, 2008 को 03:11 GMT तक के समाचार

रूस पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप

अमरीका और फ़्रांस ने रूस पर जॉर्जिया के साथ युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है.

दूसरी ओर रुस का कहना है कि फ़्रांस की मदद से तैयार किए गए युद्धविराम समझौते के अनुरुप उसकी सेना जॉर्जिया से हट गई है और जहाँ तक कुछ सौ सैनिकों के बने रहने का सवाल है तो वो समझौते के दायरे में है.

ग़ौरतलब है कि जॉर्जिया ने दक्षिणी ओसेतिया में विद्रोहियों के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई की थी लेकिन रुस ने इसके जवाब में ओसेतिया में अपने सैनिक भेज दिए.

रुसी सेना जॉर्जिया की राजधानी की तिब्लिसी के निकट पहुंच गई थी लेकिन युद्धविराम समझौता होने से रुसी सेना ने कार्रवाई रोक दी.

विश्लेषकों का कहना है कि समझौते के कई पहलुओं पर संशय बरकरार है.

अमरीका और फ़्रांस का कहना है कि रूसी सेना ने दक्षिण ओसेतिया में कई जगहों पर चौकी बनाई है और बफ़र ज़ोन बना दिए हैं.

अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस के प्रवक्ता गोर्डन जॉनड्रो ने कहा है कि चेकप्वाइंट और बफ़र ज़ोन का ज़िक्र युद्धविराम में कहीं नहीं हैं.

फ़्रांसीसी विदेश मंत्रालय का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को एक प्रस्ताव पारित कर स्पष्ट करना चाहिए कि युद्धविराम समझौते के दायरे में क्या शामिल है और क्या नहीं.