रविवार, 20 जुलाई, 2008 को 00:48 GMT तक के समाचार
अमरीका की डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के दावेदार बराक ओबामा अफ़ग़ानिस्तान के दौरे पर हैं.
राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर उनका यह अफ़ग़ानिस्तान का पहला दौरा है.
ओबामा अमरीकी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ यात्रा पर निकले हैं और वे अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई से भी मिलने वाले हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के बाद वे इराक़, जॉर्डन, इसराइल, जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन का भी दौरा करेंगे.
काबुल में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वे हेलिकॉप्टर से अमरीकी सैनिक अड्डे पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने वरिष्ठ सैनिक अधिकारियों से मुलाकात की.
ओबामा पहले से कहते रहे हैं कि अमरीका को इराक़ से सैनिक हटाकर अफ़ग़ानिस्तान में सैनिकों की संख्या बढ़ाना चाहिए.
उन्होंने वादा किया है कि अगर वे चुनाव जीतते हैं तो अफ़ग़ानिस्तान में सैनिकों की संख्या में वृद्धि करेंगे.
ओबामा ने कहा, "मेरी यह यात्रा बतौर सांसद है और मैं वहाँ भाषण देने नहीं बल्कि अपने सैनिकों से उनकी चिंताएँ सुनने-समझने जा रहा हूँ."
हाल में अमरीका में हुए एक सर्वेक्षण में अमरीकी सेना के कमांडर इन चीफ़ के तौर पर ओबामा के मुक़ाबले जनता ने रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन मेकेन को अधिक पसंद किया है जिसके बाद से ओबामा इस दिशा में सक्रिय हुए हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ओबामा विदेश नीति और सामरिक मामलों में अपनी साख को और मज़बूत करने की कोशिश के तहत ये अहम यात्राएँ कर रहे हैं.