शुक्रवार, 04 जुलाई, 2008 को 01:22 GMT तक के समाचार
अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के ओलंपिक समारोह में शामिल होने से जुड़ी अटकलों को ख़त्म करते हुए व्हाइट हाउस ने कहा है कि वो चीन जाएंगे.
पहले ये कहा जा रहा था कि तिब्बत को लेकर चीन की नीति से बुश नाखुश हैं और इसके विरोध में वो बीजिंग में होने वाले ओलंपिक समारोह में शायद हिस्सा ना लें.
लेकिन व्हाइट हाउस की प्रवक्ता डाना पेरिनो ने बताया कि बुश चीन की राजधानी बीजिंग जाएंगे जहाँ ओलंपिक का उदघाटन समारोह होगा.
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान वो दक्षिण कोरिया और थाईलैंड भी जाएंगे.
मानवाधिकार कार्यकर्ता और राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रैटिक पार्ट के उम्मीदवार बराक ओबामा जॉर्ज बुश से समारोह का बहिष्कार करने की अपील कर चुके हैं.
इस वर्ष मार्च में तिब्बत में आज़ादी की माँग कर रहे लोगों पर जिस तरह कार्रवाई हुई उसको लेकर चीन की काफी आलोचना हुई थी.
चीन की सरकार ने कहा था कि आंदोलन के दौरान उपद्रवियों ने बीस लोगों की हत्या कर दी लेकिन निर्वासित तिब्बती संगठनों का कहना था कि चीनी सेना ने प्रदर्शनकारियों की हत्या की.
इन घटनाओं के बाद दुनिया के कई नेताओं ने कहा था कि वो आठ अगस्त होने वाले ओलंपिक समारोह के बहिष्कार की योजना बना रहे हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति के भी वहाँ जाने का कोई कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं हुआ जिससे उनकी हिस्सेदारी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी.
जॉर्ज बुश कई बार कह चुके हैं कि ओलंपिक खेलों का महाकुंभ है और इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए.
व्हाइट हाउस के मुताबिक बुश अपनी चीन यात्रा के दौरान वहाँ के राष्ट्रपति हू चिंताओ से भी मिलेंगे.