शनिवार, 28 जून, 2008 को 23:42 GMT तक के समाचार
चुनाव अधिकारियों का कहना है कि ज़िम्बाब्वे में राष्ट्रपति पद के चुनाव नतीजे देर से घोषित किए जाएंगे.
उन्होंने उम्मीद जताई है कि रविवार तक नतीजे घोषित कर दिए जाएँगे.
ग़ौरतलब है कि राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे इसमें एकमात्र उम्मीदवार हैं.
इसके पहले अधिकारियों ने कहा था कि मतों की गिनती पूरी हो गई है लेकिन बाद में ख़बरें आईं कि ग्रामीण इलाक़ों से अब भी नतीजे आ रहे हैं.
ऐसी ख़बरें हैं कि राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे काफ़ी अंतर से जीत गए हैं, जबकि विपक्ष ने हिंसा और धमकाने के आरोप में चुनावों का बहिष्कार किया था.
ख़बरें हैं कि मुगाबे रविवार को राष्ट्रपति पद के नए कार्यकाल की शपथ ले सकते हैं.
इसके पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कहा था कि जिस तरह के भय के वातावरण में दोबारा चुनाव करवाए गए हैं, उनकी निष्पक्षता संदिग्ध ही है.
ज़िम्बाब्वे में शुक्रवार को दोबारा राष्ट्रपति पद के लिए मतदान करवाया गया क्योंकि वहाँ मार्च में हुए चुनाव में कोई नतीजा नहीं निकल पाया था.
शुक्रवार को हुए इस चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे एक मात्र उम्मीदवार रहे.
विपक्षी पार्टी के उम्मीदवार मॉर्गन चांगिरई ने अपने समर्थकों के साथ हुई हिंसा के विरोध में अपना नाम वापस ले लिया था.
मॉर्गन चांगिरई ने मतदान के दिन को देश के लिए 'शर्मनाक' क़रार दिया था.