http://www.bbcchindi.com

रविवार, 22 जून, 2008 को 20:04 GMT तक के समाचार

इराक़ में हमले में 15 लोग मारे गए

इराक़ के बकूबा शहर में एक महिला आत्मघाती हमलावर के धमाके में 15 लोग मारे गए हैं और लगभग चालीस लोग घायल हो गए हैं.

महिला हमलावर ने स्थानीय अदालत परिसर के बाहर धमाका किया जहाँ कई पुलिसकर्मी तैनात थे.

मारे गए लोगों में पुलिसकर्मी और आम नागरिक भी शामिल हैं.

बक़ूबा में इससे पहले भी कई बम धमाके हुए हैं जिनके बारे में कहा जाता है कि उनमें अल क़ायदा समर्थित सुन्नी विद्रोही गुटों का हाथ है.

बक़ूबा अस्पताल के डॉक्टर अहमद फौद ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि धमाके में आठ पुलिसकर्मी, दो महिलाएँ और एक बच्चा शामिल है.

धमाके की वजह से आसपास खड़ी गाड़ियों में आग लग गई और कई इमारतों को नुक़सान पहुँचा है.

बक़ूबा दियाला प्रांत की राजधानी है और पिछले कुछ महीनों में बक़ूबा में आत्मघाती हमलों में तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है जिनमें महिला हमलावर भी शामिल रही हैं.

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि अल क़ायदा ने महिला आत्मघाती हमलावरों का इस्तेमाल बढ़ा दिया है क्योंकि उनकी जाँच पड़ताल उतनी कड़ाई से नहीं होती जितनी पुरुषों की.

पिछले मंगलवार को बग़दाद में भयानक कार बम विस्फोट हुआ था जिसमें 60 लोग मारे गए थे, यह विस्फोट पिछले कुछ समय का सबसे बड़ा हमला था.