http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 20 जून, 2008 को 20:00 GMT तक के समाचार

फ़ोन टैपिंग के मुद्दे पर बिल पारित

अमरीका में सांसदों ने एक बिल पारित किया है जिसके तहत उन कंपनियों को संरक्षण दिया जाएगा जिन्होंने फ़ोट टैप करने के व्हाइट हाउस के विवादित प्रोग्राम में मदद की थी.

बिल ने अमरीका सरकार को ये अधिकार भी दिया है कि बिना वारंट लोगों के फ़ोन टॉप करने की योजना को वो लागू रखे.

जब ये पता चला था कि अमरीका सरकार ने अनुमति दी है कि बिना वारंट के कुछ लोगों के फ़ोन टैप किए जा सकते हैं तो इसकी काफ़ी आलोचना हुई थी.

राष्ट्रपति बुश ने कहा था कि अमरीका पर किसी हमले को रोकने के लिए ऐसा किया गया था.

इस सिलसिले में कई टेलीकॉम कंपनियों पर करीब 40 मुकदमे चल रहे थे.

अमरीका के हाउस ऑफ़ रिप्रिजेंन्टेटिवस में ड्रेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों पार्टियों की मदद से बिल पारित हुआ.

अब बिल पारित होने के बाद अगर टेलीफ़ोन कंपनियाँ अदालत में लिखित दस्तावेज़ पेश करेगीं कि व्हाइट हाउस ने उन्हें लोगों के फ़ोन कॉल पर नज़र रखने को कहा है तो कोर्ट उनके ख़िलाफ़ मामला खारिज कर देंगी.

अब ये बिल सिनेट में जाएगा और वहाँ पारित होने के बाद क़ानून बन जाएगा.