http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 17 जून, 2008 को 19:18 GMT तक के समाचार

बम धमाके में पचास से ज़्यादा मारे गए

इराक़ी पुलिस ने कहा है कि राजधानी बग़दाद के उत्तरी हिस्से में हुए कार बम धमाके में 51 लोग मारे गए हैं और 75 घायल हुए हैं.

यह धमाका शिया बहुल हुर्रिया इलाक़े में हुआ है. पुलिस का कहना है कि शाम के समय बस स्टॉप पर काफी भीड़ होती है और धमाके में टाइमर का इस्तेमाल इसी को ध्यान में रख कर किया गया होगा.

पिछले कई हफ़्तों के बाद इराक़ में इस तरह का धमाका हुआ है. अभी इराक़ी और अमरीकी सेना हिंसाग्रस्त इलाक़ों में सुरक्षा अभियान चला रही हैं.

विस्फोट के बाद लगभग बीस दुकानों में आग लग गई और एक बहुमंजिली इमारत ज़मीदोंज़ हो गई.

इराक़ की राजधानी बग़दाद में हाल के दिनों में चरमपंथी हमलों में कमी आई है.

हालाँकि अमरीकी सेना का कहना है कि स्थितियाँ पलट सकती हैं और सतर्क रहने की ज़रूरत है.

इराक़ी प्रधानमंत्री नूर अल मलिकी ने बग़दाद और बसरा में शिया चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अभियान तेज़ करने के निर्देश दिए हैं.