http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 17 जून, 2008 को 11:20 GMT तक के समाचार

अल गोर ओबामा के समर्थन में उतरे

अमरीका के पूर्व उप राष्ट्रपति अल गोर अमरीकी राष्ट्रपति के चुनाव में डेमोक्रैटिक पार्टी के उम्मीदवार बराक ओबामा के समर्थन में उतर आए हैं.

डेट्रॉयट, मिशिगन में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी डेमोक्रैटिक पार्टी के समर्थकों से अपील की है कि वे बराक ओबामा को अपना समर्थन दें.

अल गोर ने कहा, "आठ वर्षों की अक्षमता और विफलता के बाद बदलाव ज़रुरी है."

उन्होंने कहा कि बराक ओबामा में बदलाव लाने की क्षमता है.

अभी तक अल गोर ने अमरीकी चुनाव के लिए हो रहे प्रचार में किसी का भी पक्ष नहीं लिया था.

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में अमरीकी राष्ट्रपति पद के चुनाव में जार्ज बुश से वे हार गए थे.

युवा नेता

लेकिन अब जबकि हिलेरी क्लिंटन चुनाव मैदान से हट गई हैं, अल गोर ओबामा के समर्थन में उतर गए हैं.

डेमोक्रैटिक पार्टी के अंदर अल गोर अभी भी काफ़ी शक्तिशाली माने जाते हैं.

एक मंच पर बराक ओबामा के साथ अल गोर के आने से अमरीका में नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में ओबामा के समर्थन में डेमोक्रैट समर्थकों को एकजुट करने में मदद मिलेगी.

हाल के वर्षों में जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर एक अंतर्राष्ट्रीय अभियान को नेतृत्व देने से अल गोर की छवि मजबूत हुई है.

रैली को संबोधित करते हुए गोर ने ओबामा की एक प्रेरणादायक युवा नेता के रूप में जॉन एफ़ केनेडी से तुलना की.