http://www.bbcchindi.com

रविवार, 15 जून, 2008 को 09:30 GMT तक के समाचार

चीन में आई बाढ़ से लाखों बेघर

चीन की सरकारी एंजेसी के मुताबिक दक्षिणी प्रांतों में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से कम से कम 55 लोग मारे गए हैं और दस लाख से भी ज़्यादा लोग बेघर हो गए हैं.

चीन के करीब़ नौ प्रांत बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

चीन में नागरिक अधिकारों के मंत्रालय ने कहा है कि सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों से 13 लाख लोग अपने घर छोड़कर भाग चुके हैं.

मौसम के जानकारों का कहना है कि आने वाले 10 दिनों तक मौसम में सुधार की संभावना नहीं दिखती.

भीषण तबाही

बाढ़ में हज़ारों मकानों के साथ-साथ कई सड़कें बह गई हैं. इस बाढ़ में खेतिहर ज़मीन का बड़ा भाग डूब गयाए है. गुआंगडोंग प्रांत में भूस्खलन के कारण कम से कम 20 राजमार्ग बंद हो गए हैं.

जियांगशी प्रांतों में हज़ारों घरों को काफ़ी नुकसान पहुँचा है.

इस बाढ़ में जो इलाक़े बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं उनमें से एक सिचुआन प्रांत भी है जहाँ पिछले महीने आए भूकंप से भारी तबाही हुई थी.

बारह मई को चीन में आए भूकंप में क़रीब 87 हज़ार लोगों की या तो मौत हो गई है या वे लापता हैं.

शिन्हुआ के अनुसार पर्ल नदी में आई यह बाढ़ पिछले 50 वर्षों में सबसे भीषण है.

बारिश के महीनों में हर वर्ष चीन में जान-माल की काफ़ी क्षति होती है.