http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 04 जून, 2008 को 21:53 GMT तक के समाचार

ओबामा को चाहिए उपराष्ट्रपति उम्मीदवार

बराक ओबामा ने डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए आवश्यक समर्थन जुटाने के बाद उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की तलाश के लिए एक समिति गठित कर दी है.

हालांकि ओबामा ने आवश्यक प्रतिनिधियों का समर्थन जुटा लिया है लेकिन हिलेरी क्लिंटन ने अभी हार नहीं मानी है.

ओबामा ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की तलाश के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है जिसमें पूर्व राष्ट्रपति जॉन केनेडी की बेटी कैरोलिन केनेडी, पूर्व एटोर्नी जनरल एरिक होल्डर और जिम जॉनसन शामिल हैं.

जिम जॉनसन ने 2004 में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जॉन कैरी के सहयोगी की खोज में भी अहम भूमिका निभाई थी.

साउथ डेकोटा और मोंटाना प्रांतों में हुए चुनावों के बाद बराक ओबामा ने अपनी जीत की घोषणा कर दी थी.

पिछले 24 घंटों में बहुत से सुपर डेलीगेट्स ने, जिसमें प्रांतों के गवर्नर और सांसद शामिल हैं, अपना समर्थन बराक ओबामा को देने की घोषणा की है.

पार्टी की ओर से उम्मीदवार की अधिकृत घोषणा अगस्त में होने वाले पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में होगी और तब तक सुपर डेलीगेट्स चाहें तो अपना मत बदल सकते हैं.

लेकिन वॉशिंगटन में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ऐसा होने की संभावना नहीं दिखती और तय है कि अब बराक ओबामा ही डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे.

हार नहीं मानूँगी

उधर न्यूयॉर्क में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए हिलेरी क्लिंटन ने बराक ओबामा को उनके अभियान के लिए बधाई तो दी लेकिन उन्होंने चुनाव की दौड़ से बाहर होने की घोषणा करने से इनकार कर दिया.

न्यूयॉर्क में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा है कि वे इस समय राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने की घोषणा नहीं कर रही हैं और वे इस बारे में अपने समर्थकों की सलाह चाहेगीं.

उन्होंने अपने समर्थकों को समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी दिया और कहा कि उन्हें बहुत से प्रांतों में लोकप्रिय मत हासिल हैं.

उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी बराक ओबामा को लंबे और अच्छे प्रचार अभियान के लिए बधाई दी है.

इससे पहले अपने समर्थकों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा था कि यदि यह पार्टी के हित में हुआ तो वो बराक ओबामा के साथ उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनने को तैयार हैं.