गुरुवार, 29 मई, 2008 को 12:36 GMT तक के समाचार
एशिया में बेचा जाने वाला अब तक का सबसे बड़ा हीरा हांगकांग में नीलाम किया गया. 25.41 करोड़ रुपए में बिकने वाला हीरा 101.27 कैरेट का है.
हीरे की नीलामी करने वाली कंपनी क्रिस्टी के अनुसार ये हीरा पिछले 18 सालों में बिकने वाला सबसे बड़ा रंगहीन हीरा है.
क्रिस्टी के मुताबिक वो अब तक सौ कैरेट से ज़्यादा के चार हीरे नीलाम कर चुकी है. हांगकांग में नीलाम हुआ ये हीरा एक ताज पर जड़ा हुआ है.
क्रिस्टी के मुताबिक उसकी ये अब तक की सबसे बड़ी नीलामी है.
किसी टेबल टेनिस की गेंद के आकार के बराबर के इस हीरे को 460 कैरेट के हीरे के एक बड़े से टुकड़े से तराशकर तैयार किया गया है.
इस हीरे के 92 कोर हैं. किसी भी हीरे की कीमत उसके कोरों से ही तय होती है. जिस हीरे के जितने ज़्यादा कोर होंगे उसकी कीमत उतनी ज़्यादा होगी.
हांगकांग में खलबली
हांगकांग में क्रिस्टी ने तकरीबन 250 करोड़ रुपए के ज़ेवरातों की नीलामी की है. इसी में ये हीरा भी शामिल है.
क्रिस्टी ने इस हीरे को नीलाम करने वाले शख़्स का नाम तो नहीं बताया लेकिन ये ज़रूर बताया कि नीलामी के दौरान टेलीफ़ोन पर बोली लगाकर हांगकांग के एक अज्ञात शख़्स ने इसे खरीदा है.
इस हीरे ने पूरे हांगकांग में खलबली मचा रखी थी. अब इस हीरे के मालिक को हीरे का नाम रखने का अधिकार होगा.
क्रिस्टी इंटरनेशनल के निदेशक फ़्रेंकोइस कुरिएल ने बताया कि रंगहीन हीरों की श्रेणी में बिकने वाला ये अब तक का सबसे महँगा हीरा है.
फ़्रेंकोइस कुरिएल का कहना था, "इस हीरे ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इस हीरे के आकार और इसकी कीमत ने सबको आश्चर्यचकित कर रखा था."
फ़्रेंकोइस कुरिएल ने बताया कि नीलामी के दौरान पूरे हॉल का माहौल बेहद रोमांचक था.
ये हीरा दक्षिण अफ़्रीका की खान 'प्रीमियर माइन' में से निकाला गया है. ये खदान दक्षिण अफ़्रीका की सबसे बड़ी हीरा खदान है.
इसी खदान में से दुनिया का सबसे बड़ा हीरा 'कलिनन' भी खोदकर निकाला गया था.