शनिवार, 24 मई, 2008 को 13:54 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र की अपील पर अमल करते हुए सऊदी अरब ने खाद्यान की बढ़ती क़ीमतों से आपूर्ति पर पड़ रहे असर के मद्देनज़र 50 करोड़ डॉलर की सहायता दी है.
खाद्यान की बढ़ती क़ीमतों की मार झेल रहे दुनिया के कई देशों को संकट से उबारने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने विश्व से 70 करोड़ डॉलर जुटाने की अपील की थी.
इसी के तहत सऊदी अरब ने संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम, डब्लयूएफ़पी को सहायती की घोषणा की है. शेष राशि अलग-अलग देशों ने दी है.
यूएन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सऊदी अरब की मदद खाद्यान और तेल की तेज़ी से बढ़ती क़ीमतों से उत्पन्न स्थिति और खाद्यान की कमी झेल रहे देशों में खाद्य कार्यक्रम को जारी रखने में लाभकारी होगी.
क़दम का स्वागत
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने इसकी सराहनी की है और कहा “ये एक भारी भरकम धनराशी है.”
डब्लयूएफ़पी का कहना है - "सहायता राशी से स्कूली बच्चों और बीमारों के लिए चलाए जा रहे खाद्य कार्यक्रम को जारी रखा जा सकेगा.
खाद्य कार्यक्रम से बाक़ी बचने वाली रक़म को अन्य आवश्यक उद्देश्यों पर ख़र्च किया जाएगा.
ग़ौरतलब है कि पिछले एक साल में दुनिया के कई देशों में अनाज की क़ीमतें दोगुनी हो गई हैं. हाल ही में अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की क़ीमतें भी 135 डॉलर प्रति बैरल की रिकॉर्ड तेज़ी पर पहुंच गई हैं.