मंगलवार, 20 मई, 2008 को 20:13 GMT तक के समाचार
अमरीकी राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी के लिए केंटुकी और ओरेगॉन में मतदान हुआ है.
सर्वेक्षणों के अनुसार हिलेरी क्लिंटन का केंटुकी में भारी अंतर से जीत जाएँगी जबकि बराक ओबामा का ओरगॉन में पलड़ा भारी है.
अभी तक पार्टी प्रतिनिधियों के समर्थन के मामले में बराक ओबामा आगे हैं.
संवाददाताओं का कहना है कि इस बात की संभावना कम लगती है कि हिलेरी क्लिंटन बराक ओबामा से आगे निकल पाएँगीं.
हालांकि हिलेरी क्लिंटन का कहना है कि अमरीका में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार की दौड़ समाप्त नहीं हुई है.
अपने भाषणों में उन्होंने स्पष्ट किया है कि वो पीछे हटनेवाली नहीं हैं.
कड़ा मुक़ाबला
ग़ौरतलब है कि डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से बराक ओबामा और हिलेरी क्लिंटन उम्मीदवार बनने की होड़ में बने हुए हैं.
विभिन्न राज्यों के प्राइमरी चुनावों में दोनों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ है.
माना जा रहा है कि अगस्त में पार्टी सम्मेलन के दौरान ही उम्मीदवार के चयन पर अंतिम फ़ैसला हो सकता है.
जबकि प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन पार्टी ने काफ़ी पहले जॉन मैक्केन को राष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार चुन लिया है.
उम्मीदवारी की इस लंबी दौड़ से डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता परेशान हैं.
विश्लेषकों का कहना है कि दोनों उम्मीदवारों की यह लड़ाई अगस्त में होने वाले पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन तक चलती हुई दिख रही है.
इसका नुक़सान यह हो सकता है कि रिपब्लिकन पार्टी के जॉन मैक्केन से लड़ाई में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार को दिक्कत पेश आ सकती है.