मंगलवार, 22 अप्रैल, 2008 को 14:31 GMT तक के समाचार
ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद की प्रस्तावित भारत यात्रा पर अमरीकी विदेश मंत्रालय की टिप्पणी पर भारत ने कड़ा एतराज़ किया है.
ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद 29 अप्रैल को भारत की यात्रा पर आ रहे हैं.
अमरीका के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा था कि भारत या दुनिया का कोई भी देश जो ईरान के साथ विचार-विमर्श करता है उसे चाहिए कि वह उसे परमाणु कार्यक्रम बंद करने के लिए राज़ी करने की कोशिश करे.
अमरीकी विदेश मंत्रालय के उप-प्रवक्ता टॉम केसी ये बातें एक संवाददाता सम्मेलन में पूछे गए प्रश्न के जवाब में कही थीं.
भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि ईरान के राष्ट्रपति अहमदीनेजाद की भारत यात्रा पर अमरीका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के बयान ने भारत का ध्यान खींचा है.
भारतीय विदेश मंत्रालय का कहना है कि "भारत और ईरान प्राचीन सभ्यताएं हैं जिनके संबंध सैंकड़ों वर्ष पुराने हैं, दोनों ही देश अपने रिश्तों को उचित ध्यान और महत्व देते हैं".
भारतीय बयान में स्पष्ट शब्दों में अमरीका को हिदायत दी गई है कि "इन दोनों ही देशों को अपने परस्पर संबंधों के मामलों में किसी दिशानिर्देश की ज़रूरत नहीं क्योंकि दोनों ही देश ये जानते हैं कि बातचीत के ज़रिए ही शांति हासिल हो सकती है".
भारतीय बयान में कहा गया है कि "यह बहुत ही ज़रूरी है कि हर देश की जो ख़ासियत है उसका सम्मान किया जाए और उसे पनपने दिया जाए जिससे कि पड़ोसी देशों की उम्मीदों पर वो खरा उतर सके".