रविवार, 20 अप्रैल, 2008 को 20:54 GMT तक के समाचार
इराक़ी सेना ने दावा किया है कि उनके साथ ताज़ा संघर्ष में कम से कम 40 शिया लड़ाकों की मौत हो गई है.
इराक़ी सेना के हवाले से यह जानकारी दी इराक़ में तैनात अमरीकी सैन्य अधिकारियों ने.
अमरीकी अधिकारियों ने बताया कि ताज़ा संघर्ष इराक़ के नसिरिया शहर में हुआ है जहाँ इराक़ की सेना पर शिया कट्टरवादी लड़ाकों ने हमला किया.
बदले में इराक़ी सेना ने भी शिया लड़ाकों पर हमला किया और इस संघर्ष में क़रीब 40 शिया लड़ाकों की मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि शिया लड़ाकों के साथ इस संघर्ष में एक इराक़ी सैनिक और एक इऱाकी पुलिसकर्मी की भी मौत हो गई है.
स्थिति चिंताजनक
इराक़ी सेना की ओर से यह ताज़ा कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब शनिवार को ही कट्टरपंथी इराक़ी शिया नेता और मेहदी सेना के प्रमुख मुक़्तदा अल सद्र ने चेतावनी दे चुके हैं कि अगर उनके समर्थकों पर हमले बंद नहीं किए गए तो वे 'खुली लड़ाई' छेड़ देंगे.
मुक़्तदा अल सद्र ने कहा था कि वो बग़दाद की सरकार को आख़िरी चेतावनी दे रहे हैं. उन्होंने इराक़ सरकार से शांति की राह पर आगे बढ़ने की अपील भी की थी.
पिछले कुछ समय से शिया कट्टरपंथियों और इराक़ी सेना के बीच संघर्ष में तेज़ी आई है और इसमें कई शिया लड़ाके मारे गए हैं.
इराक़ी सेना को इस अभियान में अमरीकी और ब्रितानी सैनिकों की मदद मिल रही है और इसी के सहारे इराक़ी सेना ने बग़दाद और उसके दक्षिण में मेहदी सेना के ख़िलाफ़ अपना अभियान तेज़ कर दिया है.
सद्र ने आरोप लगाया है कि सरकार में कुछ चरमपंथी तत्व घुस गए हैं और उन्हें नहीं रोका गया तो संघर्ष होना तय है.