गुरुवार, 17 अप्रैल, 2008 को 02:58 GMT तक के समाचार
पोप बेनेडिक्ट ने बाल यौन शोषण के मामलों से निपटने में अमरीकी पादरियों के तौर तरीकों की आलोचना की है.
अपने पहले आधिकारिक अमरीका दौरे पर गए पोप ने कहा कि इस समस्या से निपटने का पादरियों का तरीका ठीक नहीं रहा है.
उन्होंने कहा कि इन मामलों से वे 'बेहद शर्मिंदा' हुए हैं. पोप ने इसके लिए अमरीकी मूल्यों में आई गिरावट को भी आंशिक तौर पर ज़िम्मेदार ठहराया.
उन्होंने ये टिप्पणी हज़ारों अमरीकी पादरियों की मौजूदगी में आयोजित प्रर्थना सभा में की.
पोप का कहना था, "बाल सुरक्षा के बारे में क्या बात करें जब मीडिया के ज़रिए इतने सारे घरों में पोर्नोग्राफ़ी और हिंसा देखी जा सकती है?"
अमरीकी कैथोलिक पादरियों के संगठन के अध्यक्ष कार्डिनल फ़्रांसिस जॉर्ज ने कहा कि इस तरह के मामलों से चर्च की छवि भी ख़राब होती है.
इससे पहले पोप ने अमरीका की यात्रा के दौरान विमान में पत्रकारों से कहा कि बाल यौन शोषण के मामले दोबारा सामने न आएँ, इसके लिए वो हर संभव प्रयास करेंगे.
पोप व्हाइट हाउस भी गए और राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से भेंट की. इस अवसर पर हज़ारों की संख्या में लोगों ने पोप का अभिवादन किया.
पिछले तीस वर्षों में किसी पोप की यह पहली व्हाइट हाउस यात्रा थी.
अमरीकी चर्च अब तक बाल यौन शोषण के मामलों में दो अरब डॉलर का मुआवजा दे चुका है.