मंगलवार, 08 अप्रैल, 2008 को 15:38 GMT तक के समाचार
इराक़ में अमरीका के सबसे वरिष्ठ सैनिक अधिकारी जनरल डेविड पेत्रोस ने कहा है कि इराक़ से अमरीकी सैनिकों की वापसी रोकी जाए.
जनरल पेत्रोस का कहना है कि अगर सैनिकों की वापसी जारी रही तो किए-कराए काम पर पानी फिर जाएगा.
जनरल पेत्रोस ने सुरक्षा की स्थिति में बेहतरी की प्रशंसा की लेकिन उन्होंने कहा कि सब जगह स्थिति एक जैसी नहीं है, उन्होंने कहा कि गर्मियों में सैनिकों की तादाद की समीक्षा की जानी चाहिए.
उन्होंने इराक़ में 'विध्वंसक भूमिका' निभाने के लिए ईरान की आलोचना की.
उन्होंने ये बातें इराक़ पर अपनी प्रगति रिपोर्ट में कही हैं जो कि संसद के सामने पेश की गई है. इस रिपोर्ट को इराक़ में अमरीका के राजदूत रायन क्रॉकर और जनरल पेत्रोस ने मिलकर तैयार किया है.
जनरल पेत्रोस ने संसद की सुरक्षा मामलों की समिति के सामने कहा कि इराक़ में स्थिति में पिछले साल के मुक़ाबले बहुत सुधार आया है लेकिन स्थिति अब भी "बहुत जटिल और चुनौतीपूर्ण है."
उन्होंने कहा कि अगर सैनिकों को हटाया गया तो अल क़ायदा और दूसरे चरमपंथी गुट दोबारा अपनी सक्रियता बढ़ा सकते हैं.
राजदूत क्रॉकर ने कहा, "जितनी उपलब्धि हासिल हुई है वह ठोस है लेकिन वह हाथ से जा भी सकती है. बहुत सारी चुनौतियाँ सामने हैं, प्रगति सब जगह एक जैसी नहीं है, कई स्थानों पर हताशाजनक है लेकिन प्रगति हुई ज़रूर है."
अमरीकी संसदीय समिति के सामने रिपब्लिकन सांसद जॉन मेकेन ने कहा कि इराक़ में सफलता की संभावना है लेकिन सैनिकों की वापसी से स्थिति बिगड़ सकती है और अमरीका को दोबारा से एक महँगी लड़ाई शुरू करनी पड़ सकती है.
उन्होंने कहा, "अगर हम गैर ज़िम्मेदार तरीक़े से वहाँ से बाहर निकल आए तो हमारे साझीदार, अरब देश, संयुक्त राष्ट्र और इराक़ी जनता के ऊपर बहुत दबाव बढ़ जाएगा."
अमरीका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में इराक़ से सैनिकों की वापसी एक बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है.