मंगलवार, 25 मार्च, 2008 को 13:25 GMT तक के समाचार
इराक़ के दक्षिणी शहर बसरा में इराक़ी सुरक्षा बलों और मेहदी आर्मी के सदस्यों के बीच भारी संघर्ष शुरू हो गया है.
मेहदी आर्मी इराक़ के बहुसंख्यक शिया मुसलमानों की सेना है जो नज़फ़ और देश के अन्य शिया बहुल इलाक़ों की सुरक्षा करने का दावा करती है.
चरमपंथी शिया नेता मुक़्तदा अल सदर मेहदी आर्मी के सर्वोच्च कमांडर हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ बसरा में धमाकों की आवाज़ सुनी गई और धुएँ की लपटें देखी गई है.
उल्लेखनीय है कि ब्रितानी सेनाओं ने पिछले वर्ष दिसंबर में बसरा की सुरक्षा की जिम्मेदारी इराक़ को सौंप दी थी.
शहर के अस्पताल के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि कई घायल लोगों को अस्पताल में दाख़िल कराया गया है.
इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी सोमवार को बसरा के दौरे पर गए थे.
अपने इस दौर पर मलिकी ने कहा था कि उनकी सरकार ने सुरक्षा, क़ानून और स्थायित्व को फिर से शहर में बहाल करने का फ़ैसला किया है.
उधर मेहदी आर्मी ने सोमवार को चेतावनी दी की यदि उनके सदस्यों को किसी सुरक्षा बंदोबस्त के मद्देनज़र निशाना बनाया गया तो वे जवाबी कार्रवाई करेंगे.