बुधवार, 12 मार्च, 2008 को 00:16 GMT तक के समाचार
कहते हैं कि दूसरे की खुशी में शामिल होने से आप भी खुश, लोग भी खुश और ईश्वर भी खुश... पर सऊदी के एक शेख की खुशी कुछ धार्मिक कट्टरवादियों को रास नहीं आई.
सऊदी के एक स्थापित शेख की कुछ धार्मिक विचारकों ने यह कहते हुए आलोचना की कि उन्होंने एक शादी के दौरान हो रहे नाच में शामिल होकर ग़लत काम किया है.
और तो और, मामले ने तूल पकड़ा औऱ शेख़ के शादी में नाचने का फ़ुटेज वेबसाइट पर भी डाल दिया गया.
पर शेख़ अब्दुल मोहसन अल-ओबैकन ने अपने आलोचकों को यह कहते हुए उनका मुंह बंद कर दिया कि वो शादी में नाचे तो कोई ग़लत नहीं किया. आखिर वो समारोह शादी का था किसी के जनाज़े का नहीं.
उन्होंने कहा कि किसी समारोह में अपनी खुशी जाहिर करना किसी भी तरह से ग़लत नहीं है और उन्होंने ऐसा करके कोई भूल नहीं की है.
शादी या जनाज़ा...
शेख़ ने कहा कि जो लोग नाचने के बारे में शिकायत कर रहे हैं, वे लोग शादी के समारोह को भी ऐसा बनाए दे रहे हैं जैसे किसी जनाज़े के वक़्त माहौल होता है.
ग़ौरतलब है कि शेख़ अब्दुल मोहसन सऊदी अरब के वरिष्ठ इस्लामिक विद्वानों की परिषद के स्थापित सदस्य भी हैं.
इसके अलावा वो देश के न्याय मंत्रालय के क़ानूनी सलाहकार भी है.
अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए शेख़ मोहसन ने कहा कि सऊदी समाज के लोगों को ऐसी बातों से छुटकारा पाना चाहिए.
शेख ने अरबी के एक समाचार पत्र से बातचीत में स्वीकार किया कि उन्होंने नाच में हिस्सा लिया पर साथ ही उन्होंने पैगंबर मोहम्मद की ज़िंदगी की कई कथाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि नाच या ड्रम (ढोल) बजाने जैसे मनोरंजन में कोई दोष नहीं है.