मंगलवार, 04 मार्च, 2008 को 06:50 GMT तक के समाचार
मिस्र के दौरे पर पहुँची अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने फ़लस्तीनियों से अनुरोध किया है कि वे इसराइलियों के साथ दोबारा शांति वार्ता शुरु करें.
कोंडोलीज़ा राइस मध्य पूर्व में एक नए कूटनीतिक प्रयास के तहत दो दिन का दौरा कर रही है जिसमें वे पश्चिमी तट, इसराइल और मिस्र जाएँगी. हाल में ग़ज़ा पट्टी में हुई हिंसा के बावजूद उनका मानना है कि फ़लस्तीनियों और इसराइलियों के बीच शांति समझौता संभव है.
फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने ग़ज़ा पट्टी में पिछले बुधवार से चल रहे हमलों की वजह से इसराइल के साथ किसी भी तरह की वार्ता पर रोक लगा दी थी.
इसराइली थल सेना और वायुसेना की ओर से हुए इन हमलों में 120 फ़लस्तीनी मारे गए.
हमास पर निशाना साधा
लेकिन अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने इस्लामी चरमपंथी संगठन हमास को ताज़ा हिंसा के लिए ज़िम्मेदार ठहराया.
इसराइल कहता आया है कि इस्लामी चरमपंथियों की ओर से ग़ज़ा पट्टी से इसराइली शहरों पर हवाई हमले हो रहे हैं और इसीलिए उसे ये कार्रवाई करनी पड़ी है.
कोंडोलीज़ा राइस ने हिंसा के लिए सीधा इसराइल को दोषी नहीं ठहराया लेकिन उन्होंने ये ज़रूर कहा कि निर्दोष लोगों की जान जाने का मुद्दा सुलझाना ज़रूरी है.
इसराइल अपने सैनिक ग़ज़ा पट्टी से वापस बुला चुका है लेकिन वहाँ पर हवाई हमले जारी हैं.
उधर इसराइली प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट ने कहा है कि वे आगे की सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं.
महत्वपूर्ण है कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून गज़ा में इसराइलियों और फ़लस्तीनियों के बीच जारी संघर्ष की निंदा कर चुके हैं और कह चुके हैं कि दोनों पक्ष तत्काल संघर्ष रोकें.