बुधवार, 27 फ़रवरी, 2008 को 05:31 GMT तक के समाचार
इंग्लैंड के बड़े हिस्से में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. गत 25 सालों में यह भूकंप का सबसे बड़ा झटका है. जानमाल के नुक़सान की कोई ख़बर नहीं है.
सिर्फ़ एक वृद्ध के पैरों पर एक चिमनी के गिर जाने से चोट लगने की ख़बर मिली है.
न्यूकासल, यॉर्कशर, लंदन और मैनचेस्टर सहित कई इलाक़ों में मंगलवार की रात एक बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए.
ब्रिटिश जियोलॉजिकल सर्वे (बीजीएस) का कहना है कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.3 थी और इसका केंद्र लिंकनशर में था.
लिंकनशर के एक निवासी ने बताया, "ईमानदारी से कहूँ तो मैं बेहद डर गया था....वह आवाज़ डरावनी थी..."
पुलिस का कहना है कि झटके महसूस करने की बात तो बहुत से लोगों ने की है लेकिन किसी के हताहत होने की रिपोर्ट नहीं की गई है.
पुलिस का कहना है कि कुछ इमारतों में छोटी दरार आने और चिमनी के क्षतिग्रस्त होने की ख़बरें हैं लेकिन किसी गंभीर घटना की कोई शिकायत अब तक नहीं मिली है.
बीजीएस का कहना है कि बुधवार को तड़के चार बजे 1.8 तीव्रता के झटके फिर महसूस किए गए हैं.