http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 20 फ़रवरी, 2008 को 18:07 GMT तक के समाचार

ब़गदाद में भिखारियों की धरपकड़

इराक़ की राजधानी ब़ग़दाद में अधिकारी सड़कों से भिखारियों और मानसिक रुप से विक्षिप्त लोगों को पकड़ने में लगे हुए हैं ताकि चरमपंथी इन लोगों का इस्तेमाल आत्मघाती हमलावरों के तौर पर न कर सकें.

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सड़कों से पागलों और भिखारियों को हिरासत में लिया जा रहा है ताकि उनका ग़लत इस्तेमाल रोका जा सके.

सुरक्षा अधिकारियों को लगता है कि चरमपंथी आने वाले दिनों में पागलों और भिखारियों का इस्तेमाल आत्मघाती हमलावरों के तौर पर कर सकते हैं जिसे देखते हुए इन लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है.

ऐसा माना जा रहा है कि इस महीने ब़ग़दाद मे दो स्थानों पर हुए आत्मघाती हमले इसी तरह से किए गए जिनमें महिला पागलों के शरीर पर बम बांधकर उन्हें छोड़ दिया गया.

इन हमलों में सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई थी.

अधिकारियों का कहना है कि पागलों का इलाज करवाया जाएगा जबकि भिखारियों को उनके परिवारों से मिलवाने की कोशिश की जाएगी.

इस क्रम में उन बच्चों को भी पकड़ा जा रहा है जो बेघर हैं और उन्हें भी उनके परिवारवालों से मिलाने की कोशिश की जा रही है.