मंगलवार, 19 फ़रवरी, 2008 को 19:17 GMT तक के समाचार
अमरीकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी में बराक ओबामा और हिलेरी क्लिंटन का संघर्ष अब विसकोंसिन राज्य पहुंच गया है जहां मतदान हो रहा है.
विस्कोंसिन में अत्यधिक सर्दी के बावजूद अधिकारियों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग वोट डालने आएंगे.
उधर रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में हैं लेकिन पार्टी की ओर से जॉन मैक्केन की उम्मीदवारी पक्की मानी जा रही है.
हवाई में डेमोक्रेटिक दलों का कॉकस होने वाला है जिसमें ओबामा के जीतने की उम्मीद है. वो हवाई के इलेनॉय शहर में ही पैदा हुए हैं.
विसकोंसिन में जिस किसी की भी जीत होगी उसे निर्णायक बढ़त मिल सकती है.
बीबीसी संवाददाता जस्टिन वेब के अनुसार विसकोंसिन में किसी की भी बड़ी जीत उन्हें अंतिम जीत के रास्ते पर ले जाएगी.
वैसे पिछले कुछ दिनों में हिलेरी क्लिंटन को कई झटके लगे हैं क्योंकि ओबामा ने लगातार कई स्थानों पर जीत दर्ज की है.
उधर रिपब्लिकन पार्टी में मैक्केन बहुत आगे चल रहे हैं. इतना ही नहीं सोमवार को राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने भी मैक्केन की उम्मीदवारी को अपना समर्थन दे दिया था.