गज़ा पट्टी में हुए भीषण धमाके में इस्लामी जेहाद के एक प्रमुख कमांडर समेत छह लोग मारे गए हैं. विस्फोट में 40 लोग घायल हुए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विस्फोट बुरेईज शरणार्थी शिविर स्थित इस्लामी जेहाद के कमांडर अयमन अल फ़यद उर्फ़ अबु अब्दुल्ला के घर में हुआ.
धमाका इतना ज़बर्दस्त था कि घर के परखच्चे उड़ गए और आस-पास के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए.
इस्लामी जेहाद के एक प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि इसराइल ने हवाई हमले के ज़रिए ये कार्रवाई की है. उन्होंने इसका बदला लेने की बात कही.
दूसरी ओर इसराइल का कहना है कि उसे उस इलाक़े में सैनिक कार्रवाई की जानकारी नहीं है.
हमास का कहना है कि विस्फोट कैसे हुआ, इसका पता नहीं चला है. ग़ज़ा पट्टी पर तुलनात्मक रुप से उदारवादी कही जानी वाली फ़तह पार्टी का नियंत्रण था लेकिन पिछले साल हमास ने इसे अपने क़ब्ज़े में ले लिया.
धमाके में अबु अब्दुल्ला के दो बच्चे भी मारे गए. डॉक्टरों का कहना है कि उनकी पत्नी के अलावा तीन और बच्चों का अता-पता नहीं है.
इस महीने के शुरू में इसराइली मंत्रियों ने कहा था कि ग़ज़ा में चरमपंथी नेताओं को मारने का अभियान तेज़ किया जा सकता है.