मंगलवार, 12 फ़रवरी, 2008 को 19:39 GMT तक के समाचार
अमरीका में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी के बराक ओबामा और हिलेरी क्लिंटन एक बार फिर आमने सामने हैं.
इस बार तीन स्थानों वॉशिंगटन, वर्जीनिया और मैरीलैंड में मतदान हो रहा है और सर्वेक्षणों के अनुसार ओबामा को तीनों स्थानों पर बढ़त हासिल है.
सीनेटर ओबामा ने हिलेरी क्लिंटन को दबाव में ला दिया है. हालांकि अब तक राष्ट्रीय स्तर पर बराक ओबामा और हिलेरी क्लिंटन लगभग बराबरी पर चल रहे हैं.
हिलेरी क्लिंटन ने इस बात से इनकार किया है कि उनके प्रचार अभियान में कोई परेशानी पेश आ रही है.
हाल में बराक ओबामा ने वॉशिंगटन, लुइसियाना और नेब्रास्का में भी हिलेरी क्लिंटन को पीछे छोड़ दिया था.
हिलेरी क्लिंटन की अब नज़रें ओहियो और टेक्सास पर टिकी हैं जहाँ मार्च में मतदान होगा.
मैक्केन आगे
दूसरी ओर रिपब्लिकन पार्टी की ओर से जॉन मैक्केन की उम्मीदवारी तय है क्योंकि उनके पक्ष में टिम रोमनी अपनी दावेदारी वापस ले चुके हैं और उनके प्रतिद्वंद्वी माइक हकबी काफ़ी पीछे छूट गए हैं.
डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी दस फ़ीसदी प्रतिनिधियों यानी लगभग 2025 प्रतिनिधियों के समर्थन पर निर्भर है.
आमतौर पर जिसके पास जितने प्रतिनिधि होते हैं वही पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार चुन लिया जाता है.
सुपर ट्यूसडे के दिन बीस प्रांतों में मतदान हुए लेकिन डेमोक्रेटिक दावेदारों में से किसी एक को स्पष्ट मत नहीं मिले.
समर्थकों के मतों से डेलीगेट या प्रतिनिधियों का चुनाव होता है और ये प्रतिनिधि बाद में औपचारिक रूप से उम्मीदवारों का चयन करेंगे.