http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 09 फ़रवरी, 2008 को 20:18 GMT तक के समाचार

हिलेरी और ओबामा के बीच टक्कर

डेमोक्रैटिक पार्टी के समर्थक तीन अमरीकी प्रांतों में ये तय करने के लिए मत डाल रहे हैं कि बराक ओबामा और हिलेरी क्लिंटन में से किसे राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाए.

ये मतदान सुपर ट्यूसडे को हुए चुनाव के बाद हो रहे हैं जिसमें हिलेरी क्लिंटन और बराक ओबामा के बीच कांटे की टक्कर रही.

तीन प्रांतों में रिपब्लिकन पार्टी भी चुनाव करा रही है और कांसास से माइक हकबी ने ताकतवर जॉन मैक्केन को पीछे छोड़ दिया है.

लेकिन रिपब्लिकन पार्टी की ओर से जॉन मैक्केन की उम्मीदवारी तय है क्योंकि उनके पक्ष में टिम रोमनी अपनी दावेदारी वापस ले चुके हैं और सुपर ट्यूसडे चुनावों में प्रतिद्वंद्वी माइक हकबी काफी पीछे छूट गए हैं.

डेमोक्रैटिक पार्टी के लिए लुइसियाना, नेब्रास्का और वाशिंगटन में जारी मतदान में दस फ़ीसदी प्रतिनिधि दाँव पर हैं जिनसे उम्मीदवारी तय होगी.

उधर रिपब्लिकन पार्टी भी लुइसियाना, वाशिंगटन और कांसास में चुनाव करा रही है. यहाँ मैक्केन और हकबी के बीच सीधी टक्कर है.

हकबी ने कहा है कि वो अंतिम चरण तक मैदान में बने रहेंगे.

सुपर ट्यूसडे के दिन बीस प्रांतों में मतदान हुए लेकिन डेमोक्रैट दावेदारों में से किसी एक को स्पष्ट मत नहीं मिले. समर्थकों के मतों से डेलीगेट या प्रतिनिधियों का चुनाव हो रहा है और ये प्रतिनिधि बाद में औपचारिक रुप से उम्मीदवारों का चयन करेंगे.

आमतौर पर जिसके पास जितने प्रतिनिधि होते हैं वही पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार चुन लिया जाता है.