शुक्रवार, 08 फ़रवरी, 2008 को 15:25 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों के मुताबिक़ कीनिया में राष्ट्रपति मवाई किबाकी की पार्टी और विपक्ष के बीच बातचीत में सफलता मिली है.
कीनिया में जारी राजनीतिक गतिरोध को ख़त्म करने की कोशिश में वहाँ पहुँचे संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफ़ी अन्नान ने कहा है कि अब तक की बातचीत संतोषजनक रही है.
उन्होंने नैरोबी में दोनों पक्षों से बातचीत की. उनका कहना था कि सत्ता साझीदारी कैसे हो इस पर विचार बन रहे हैं और बातचीत के आधार पर अगले हफ़्ते तक कोई सहमति बन सकती है.
इस बीच सरकार ने राजनीतिक रैलियों पर लगा प्रतिबंध हटा लिया है.
लेकिन अपुष्ट ख़बरों के मुताबिक़ राष्ट्रपति किबाकी की सत्ताधारी पार्टी ने विपक्षी ऑरेंज डेमोक्रेटिक मूवमेंट के साथ गठबंधन सरकार बनाने को मंज़ूरी दे दी है.
नैरोबी से बीबीसी संवाददाता एडम माइनॉट के मुताबिक़ विपक्षी पार्टी के प्रवक्ता विलियम रूटो ने बताया है कि दोनों पार्टियों के बीच अंतरिम सरकार के मुद्दे पर सहमति हो गई है.
'सहमति'
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक़ रूटो ने कहा, "हम एक साझा सरकार बनाने पर सहमत हो गए हैं. लेकिन सरकार के गठन, समय और साझेदारी को लेकर बातचीत जारी है."
किबाकी के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद कीनिया में हुई हिंसा में एक हज़ार लोगों की मौत हो गई और तीन लाख लोगों को अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा.
कीनिया में 27 दिसंबर को राष्ट्रपति चुनाव हुए थे. लेकिन विपक्षी नेता राइला ओडिंगा ने आरोप लगाए कि चुनाव में धाँधली की गई है.
इस बात को लेकर विरोध इतना बड़ा कि ख़ास समुदायों को निशाना बनाया जाने लगा.
हिंसा के कारण कीनिया की छवि को भी काफ़ी नुक़सान पहुँचा और देश की हालत काफ़ी ख़राब हो गई. इस कारण बेघर हुए तीन लाख से ज़्यादा लोग अभी भी काफ़ी मुश्किल में जीवन गुज़ार रहे हैं.