रविवार, 27 जनवरी, 2008 को 06:08 GMT तक के समाचार
अमरीका में पाँच पैरों वाली एक बिल्ली का ऑपरेशन कर उसकी दो टांगे हटाई जाएंगी. ये बिल्ली पेंसिलवेनिया प्रांत के एक परिवार को सड़क पर मिली थी.
इस परिवार ने बिल्ली को स्थानीय पशु संरक्षण केंद्र में पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने इसका नाम 'बेबी गर्ल' रख दिया.
'बेबी गर्ल' की पांचवी टांग उसकी पिछली बांई टांग से जुड़ी हुई है.
ये अतिरिक्त टांग कुछ इस तरह से निकली है कि डॉक्टरों को मजबूरन उसकी पिछली बाईं टांग भी काटनी पड़ेगी.
डॉक्टरों का कहना है कि बाईं टांग काटने से उसे कोई ख़ास दिक्कत नहीं होगी.
इस अतिरिक्त टांग की वजह से 'बेबी गर्ल' को ज़मीन पर घिसट कर चलना पड़ता है.
'बेबी गर्ल' का ऑपरेशन पंद्रह दिनों के अंदर किया जाएगा.
इस बिल्ली के ऑपरेशन की खबर मिलते ही कई लोगों ने फोन करके 'बेबी गर्ल' का हाल जानने की कोशिश की.
लेकिन, अब तक कोई इसे अपनाने के लिए आगे नहीं आया है.
फिलहाल, 'बेबी गर्ल' की देखभाल कर रहीं क्रिस्टिन राइस का कहना है कि बिल्ली स्वभाव से कुछ चिड़चिड़ी ज़रूर है लेकिन थोड़ा सा प्यार करने पर शांत हो जाती है.