http://www.bbcchindi.com

रविवार, 16 दिसंबर, 2007 को 21:40 GMT तक के समाचार

उत्तरी इराक़ में तुर्की का हवाई हमला

तुर्की की सेना ने बताया है कि उनके लड़ाकू विमानों ने उत्तरी इराक़ के सीमा क्षेत्र के भीतर जाकर चरमपंथी कुर्द विद्रोहियों पर हवाई हमले किए हैं.

तुर्की मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक सेना ने इस कार्रवाई में क़रीब 50 विमानों का इस्तेमाल किया है.

यह पहली बार है जब चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अपने अभियान में तुर्की ने इराक़ की सीमा के भीतर जाकर हवाई हमले किए हैं.

सेना के हवाले से यह भी कहा गया है कि इन हमलों के लिए उन्हें वाशिंगटन से संस्तुति भी मिल चुकी है.

तुर्की के सेना प्रमुख ने बताया कि अमरीका ने उत्तरी इराक़ में स्थित हवाईअड्डे के प्रयोग की अनुमति भी तुर्की की सेना को दे दी है.

उधर इराक़ सरकार ने राजधानी बगदाद में तुर्की के राजनायिक को तलब किया है और कहा है कि इन हमलों को तुरंत रोका जाए.

हमला

इराक़ी अधिकारियों के मुताबिक इन लड़ाकू विमानों ने उत्तरी इराक़ के 10 गांवों को निशाना बनाया और वहाँ बमबारी की.

इस बमबारी में एक महिला की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल हो गए हैं.

तुर्की के प्रधानमंत्री इस बारे में पहले ही स्पष्ट कह चुके हैं कि विद्रोही चरमपंथी संगठनों से निपटने के लिए तु्र्की देश के भीतर और बाहर सभी संभव प्रयास करेगा.

हालांकि तुर्की को किसी भी सशस्त्र कार्रवाई के सिलसिले में अमरीका और इराक़ चेता चुके हैं कि ऐसा होने से क्षेत्र की स्थिरता प्रभावित होगी.