बुधवार, 12 दिसंबर, 2007 को 11:15 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस ने कहा है कि देश के दक्षिणी भाग में स्थित अमारा में तीन कार बम धमाके हुए हैं जिनमें कम से कम 39 लोग मारे गए हैं और 100 से ज़्यादा घायल हुए हैं.
ये हमले बुधवार सुबह अमारा शहर की काफ़ी भीड़ वाली एक सड़क पर हुए.
इराक़ के मेयसान प्रांत में स्थित अमारा शहर राजधानी बग़दाद के क़रीब 350 किलोमीटर दूर स्थित है और शिया बहुल इलाक़ा है.
वहाँ अलग-अलग शिया गुटों में ख़ासी दुश्मनी और झड़पें होती रही हैं.
अमारा से मिलने वाली रिपोर्टों में बताया गया है कि दो बम तो एक कार पार्किंग में हुए जब लोग काम पर जाने का इंतज़ार कर रहे थे.
तीसरा बम धमाका भी उस कार पार्किंग के पास ही हुआ जब लोग पहले दो धमाकों के बाद घटनास्थल से दूर भागने की कोशिश कर रहे थे.
अगस्त 2006 में ब्रितानी फ़ौजों ने मेयसान प्रांत की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी इराक़ी फ़ौजों को सौंपी थी.
ग़ौरतलब है कि अगले हफ़्ते ब्रितानी सैनिक मेयसाना के पड़ोस में स्थित बसरा प्रांत में सुरक्षा की ज़िम्मेदारी इराक़ी सैनिकों को सौंपेंगे.
इस तरह से ब्रितानी सैनिक इराक़ के चार दक्षिणी प्रांतों की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी से मुक्त हो जाएँगे.