http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 10 दिसंबर, 2007 को 18:48 GMT तक के समाचार

मेदवेदेव बन सकते हैं रूस के राष्ट्रपति

व्लादिमीर पुतिन ने रूस के अगले राष्ट्रपति के रूप में उप प्रधानमंत्री दिमित्री मेदवेदेव की उम्मीदवारी का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है.

मौजूदा राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है, 'मैं उनकी उम्मीदवारी का पूरी तरह समर्थन करता हूँ.'

मेदवेदेव को पुतिन की युनाइटेड रशिया पार्टी और क्रेमलिन समर्थक तीन और दलों ने समर्थन दिया है.

बयालीस वर्षीय दिमित्री मेदवेदेव राष्ट्रपति पुतिन के पुराने सहयोगियों में से हैं. मेदवेदेव राष्ट्रपति पुतिन के गृह नगर सेंट पीटर्सबर्ग से ही हैं. वहीं 1990 के दशक के शुरू में उन्होंने पुतिन के क़ानूनी सलाहकार के रूप में काम किया था.

मेदवेदेव सेंट पीटर्सबर्ग से मॉस्को 1999 में आए, जबकि उन्हें सरकारी अमले का प्रमुख बनाया गया. बाद में उन्होंने वर्ष 2000 में पुतिन के चुनावी अभियान की कमान संभाली.

पुतिन जब राष्ट्रपति बने तो मेदवेदेव को रूस की विशालकाय पेट्रोलियम कंपनी गैज़प्रोम का अध्यक्ष बनाया गया.

वर्ष 2003 में पुतिन ने मेदवेदेव को अपने प्रशासन में प्रथम उपप्रधानमंत्री का पद दिया. तभी से इस बात की चर्चा शुरू हो गई कि पुतिन का कार्यकाल समाप्त होने पर मेदवेदेव को ही उनका उत्तराधिकारी बनाया जाएगा.

हालाँकि हाल के महीनों में ऐसी अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि राष्ट्रपति पद को दौड़ में मेदवेदेव को नए प्रधानमंत्री विक्टर ज़ुबकोव से टक्कर मिल सकती है.

लेकिन आज के घटनाक्रम के बाद ये लगभग तय माना जा रहा है कि मेदवेदेव ही रूस के अगले राष्ट्रपति होंगे.

वैसे, इस बात को लेकर अटकलें अभी जारी रहेंगी कि मेदवेदेव के पास कितना अधिकार होगा, क्योंकि व्लादिमीर पुतिन ने पहले ही स्पष्ट कर रखा है कि राष्ट्रपति पद से हटने के बाद भी वे रूसी राजनीति में प्रमुख भूमिका निभाते रहेंगे.