मंगलवार, 04 दिसंबर, 2007 को 09:00 GMT तक के समाचार
दुनिया की सबसे पुरानी रोल्स रॉयस कार क़रीब तीन करोड़ रुपए में बिकी है.
लंदन में एक नीलामी में यह कार बिकी है. 1905 के बाद बनी किसी कार की यह सबसे अधिक क़ीमत है.
खुली छत वाली इस कार में दो लोग बैठ सकते हैं. यह कार चार्ल्स रोल्स औऱ हेनरी रॉयस द्वारा डिजाईन की गई चौथी कार थी.
जिसने यह कार खरीदी है उसने अपना नाम उजागर नहीं किया है लेकिन उन्होंने जो क़ीमत अदा की है वो उम्मीद से दुगुनी है.
बोनहैम्स नीलामी घर के प्रवक्ता ने बताया कि टेलीफ़ोन पर दो लोग बोलियां लगा रहे थे जिसमें क़ीमत बढ़ती चली गई.
नीलामी घर के अधिकारी ने बताया कि इस कार के अभी तक केवल तीन ही मालिक रहे हैं और यह बिल्कुल बेहतरीन स्थिति में है.
बोन्हैम्स के एक अन्य अधिकारी टिम स्कोफ़िल्ड ने कहा ' ख़रीदने वाला इसे चला कर घर जा सकता है. इतनी अच्छी स्थिति में है ये कार.'
वो कहते हैं ' आप सिर्फ़ कारबोरेटर साफ़ कीजिए. बैटरी देख लीजिए, ड्राइविंट हैंडल से कवर हटाइए और चलाइए. '
इससे पहले किसी और रोल्स रॉयस को नीलामी में क़रीब डेढ़ करोड़ रुपए मिले थे.