http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 03 दिसंबर, 2007 को 04:46 GMT तक के समाचार

पुतिन की पार्टी को स्पष्ट बहुमत

रूस में नई संसद के लिए हुए चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यूनाइटेड रशिया पार्टी ने लगभग दो तिहाई मत प्राप्त कर भारी बहुमत हासिल कर लिया है.

मतगणना का अंतिम दौर अभी जारी है.

चुनाव परिणाम से साफ हुआ है कि यूनाइटेड रशिया पार्टी के अलावा सिर्फ़ कम्युनिस्ट पार्टी और क्रेमलिन समर्थक दो अन्य पार्टियाँ ही रूसी संसद ड्यूमा में पहुँचने के लिए ज़रूरी मत प्राप्त कर सकी हैं.

बीबीसी के मास्को संवाददाता का कहना है कि इस जीत से ऐसा प्रतीत होता है कि जनता ने राष्ट्रपति पुतिन की योजनाओं पर मुहर लगा दी है.

विपक्षी दलों ने चुनाव में धांधली के आरोप लगाए थे. यूनाइटेड रशिया पार्टी ने स्वीकार भी किया था कुछ गड़बड़ी हुई है लेकिन उनसे नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ा है.

चुनाव अधिकारियों का कहना है कि मतदान में 60 प्रतिशत लोगों ने हिस्सा लिया है.

हालांकि इस बात की बहुत चिंता की जा रही थी कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होंगे.

बहुत से मतदाताओं ने मीडिया को साक्षात्कार और इंटरनेट पर ब्लॉग्स के ज़रिए बताया था कि किस तरह एक पार्टी विशेष के पक्ष में मतदान करने के लिए उन पर दबाव डाले जा रहे हैं.