शुक्रवार, 30 नवंबर, 2007 को 04:54 GMT तक के समाचार
तुर्की की निजी एयरलाइन कंपनी एटलस जेटएयर ने कहा है कि उसका एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और इस पर सवार सभी 56 लोग मारे गए हैं.
विमान इस्तांबुल से स्पार्टा आ रहा था.
एटलस जेट के प्रमुख टनके डोगानेर ने बताया कि बचाव दल ने दुर्घटनास्थल का हेलिकॉप्टरों के ज़रिए मुआयना किया है लेकिन उन्हें कोई भी जीवित नहीं मिला.
यह यात्री विमान देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में दुर्घटनाग्रस्त हुआ.
ख़बरों के मुताबिक पुलिस के हेलिकॉप्टरों ने स्पार्टा शहर के पास विमान का मलबा तलाश लिया है.
इससे पहले तुर्की की निजी एयरलाइन कंपनी एटलस जेटएयर ने बताया था कि उसका एक यात्री विमान लापता है.
जेटएयर के मुताबिक मध्य तुर्की के स्पार्टा हवाई अड्डे पर उतरने से पहले रडार से विमान का संपर्क टूट गया.
एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि विमान के पायलट ने नियंत्रण कक्ष से लैंडिंग की अनुमति भी माँग ली थी लेकिन उसी समय संपर्क टूट गया.
तुर्की की प्रेस एजेंसी का कहना है कि हवाई अड्डे पर आपात डेस्क गठित किया गया है.
विमान पर 49 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे.
एटलस जेटएयर कम किराए पर विमान सेवा मुहैया कराती है.