http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 27 नवंबर, 2007 को 16:48 GMT तक के समाचार

'इसराइल-फ़लस्तीनी सहमत'

अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने कहा है कि इसराइली और फ़लस्तीनी, दोनों पक्ष 2008 तक शांति समझौते पर पहुँचने के लिए हरसंभव प्रयास करने को तैयार हो गए हैं.

अमरीका में राजधानी वाशिंगटन के निकट स्थित एनापॉलिस में इसराइली और फ़लस्तीनी पक्षों ने एक साझा बयान पर सहमति व्यक्त की है.

इस बैठक में अमरीकी राष्ट्रपति के अलावा सीरियाई और सऊदी प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया.

बुश ने कहा कि वे अपने 2009 में कार्यकाल की समाप्ति से पहले मध्य पूर्व समस्या का हल निकालना चाहते हैं.

दुनिया भर के चालीस देशों से आए प्रतिनिधियों और कूटनयिकों की मौजूदगी में बुश ने कहा कि इसराइल के पड़ोस में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांत पर फ़लस्तीनी राष्ट्र की स्थापना का लक्ष्य आसान नहीं होगा.

बुश ने कहा कि अगल फ़लस्तीनी राष्ट्र की स्थापना के बाद वहाँ के लोग आज़ादी और सम्मान के साथ अपना जीवन बिता सकेंगे. साथ ही, इसराइली भी शांति से रह सकेंगे.

बुश प्रशासन को आशा है कि इस बैठक के बाद फ़लस्तीनी और इसराइली पक्ष सीधी बातचीत शुरू कर सकेंगे, पिछले सात वर्षों में दोनों पक्षों के बीच सीधी बातचीत नहीं हुई है.

अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा, "आज फ़लस्तीनी और इसराइली, दोनों ये समझ रहे हैं कि उनके सपने तब तक सच नहीं हो सकते जब तक कि वो दूसरे को उसके सपने साकार करने में मदद नहीं करते".