http://www.bbcchindi.com

'ओसामा का संदेश प्रसारित होगा'

अल क़ायदा की ओर से एक वेबसाइट पर घोषणा की गई है कि अल क़ायदा नेता ओसामा बिन लादेन यूरोप के लोगों को जल्द संबोधित करेंगे.

इस्लामी चरमपंथियों की एक बेवसाइट पर सोमवार को ये संदेश ओसामा बिन लादेन की तस्वीर के साथ लगाया गया.

अल-सहाब वेबसाइट ने ये जानकारी नहीं दी है कि ये संदेश कब जारी किया जाएगा और ये वीडियो होगा अथवा ऑडियो.

पिछले महीने कथित रूप से ओसामा का एक ऑडियो टेप प्रसारित किया गया था जिसमें इराक़ के अमरीका विरोधी विद्रोही गुटों को एकजुट होने का आह्वान किया गया था.

इस टेप की स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हो पाई थी.

इससे पहले ओसामा का ऑडियो टेप 20 सितंबर को भी आया था.

उसमें पाकिस्तान की स्थिति के बारे में टिप्पणी की गई थी और पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के ख़िलाफ़ जंग की अपील की गई थी.

उस ऑडियो टेप में ओसामा ने कहा था कि 'ये अपील जुलाई 2007 में इस्लामाबाद की लाल मस्जिद में हुई सरकारी कार्रवाई के बदले में की जा रही है.'

ओसामा की ओर से ग्यारह सितंबर के हमलों के छह साल पूरे होने के मौक़े पर भी एक संदेश जारी किया गया था.