http://www.bbcchindi.com

रविवार, 25 नवंबर, 2007 को 03:51 GMT तक के समाचार

कास्परोव रैली के दौरान गिरफ़्तार

रूस में विपक्ष की राजनीति कर रहे शतरंज के पूर्व विश्व चैंपियन गैरी कास्परोव को एक रैली प्रदर्शन के दौरान गिरफ़्तार कर लिया गया है.

उन्हें पाँच दिनों के लिए जेल भी भेज दिया गया है.

उनको साथ विपक्षी गठबंधन के कुछ अन्य नेताओं को भी गिरफ़्तार किया गया है.

पुलिस ने यह कार्रवाई उस समय की जब विपक्षी रैली लेकर चुनाव आयोग की ओर जा रहे थे.

गैरी कास्परोव पर अनिधिकृत रैली निकालने और गिरफ़्तारी का विरोध करने के आरोप हैं.

विपक्षियों की यह रैली ऐसे समय पर निकली है जब रूस में चुनाव होने जा रहे हैं और माना जा रहा है कि इसमें व्लादिमीर पुतिन के समर्थकों की व्यापक जीत होने वाली है.

कोई तीन हज़ार लोगों की इस रैली में प्रदर्शनकारी बैनर और पोस्टर लिए हुए थे जिसमें देश को पुतिन से निजात दिलाने की बात लिखी गई थी.

उनका आरोप है कि संसदीय चुनाव में मतदाताओं को विकल्प नहीं दिए गए हैं.

उल्लेखनीय है कि दो दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने दूसरे उम्मीदवारों को चुनाव में हिस्सा लेने से रोक दिया है.

इन प्रदर्शनकारियों में से कोई सौ लोग पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ दिया था और आगे बढ़ गए थे.