रविवार, 18 नवंबर, 2007 को 21:49 GMT तक के समाचार
यूक्रेन में कोयले की खदान में हुए एक भीषण विस्फोट में कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई है.
अधिकारियों ने बताया है कि अभी भी 44 लोग लापता हैं और उनको खोजने की कोशिश की जा रही है.
हालांकि विस्फोट के बाद लगी आग पर अभी भी पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है इसलिए इन लोगों तक पहुँच पाने में राहतकर्मियों को परेशानी हो रही है.
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इस हादसे में अबतक लापता लोगों के जिंदा बचे होने की संभावना कम ही है.
बताया जा रहा है कि कोयले की खदान में क़रीब एक किलोमीटर ज़मीन के भीतर मीथेन गैस का विस्फोट हुआ जिससे इतना बड़ा हादसा हुआ.
हादसे में घायल हुए क़रीब 25 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुँचा दिया गया है.
खदान में काम करनेवालों के परिजन बड़ी तादाद में घटनास्थल की ओर पहुँच रहे हैं ताकि अपने परिवार के बारे में जानकारी हासिल कर सकें.
रविवार की यह घटना युक्रेन में पिछले कुछ बरसों के दौरान हुए खदान हादसों में सबसे बड़ा बताया जा रहा है.
घटना के बाद क्षेत्रीय प्रशासन की ओर से तीन दिन का शोक घोषित कर दिया गया है.