सोमवार, 12 नवंबर, 2007 को 20:00 GMT तक के समाचार
ईरान की पुलिस ने परिधानों के साथ-साथ कुछ ऐसी गतिविधियों की सूची तैयार की है जिसे इस्लाम के ख़िलाफ़ और अनैतिक बताया गया है.
पुलिस का कहना है कि हिजाब के बजाए टोपी या स्कार्फ़ पहनना उचित नहीं है.
अधिकारियों ने 'अनैतिकता' को बढ़ावा देने वाली फ़िल्मों, मादक पदार्थों और शराब पर भी सख़्ती से प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है.
पिछले एक दशक में पहली बार इस वर्ष कथित ग़ैर इस्लामी गतिविधियों और अनुचित ड्रेसकोड के मामले में काफ़ी सख़्ती बरती गई है.
लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि ताज़ा अभियान को ईरान के सर्वोच्च आध्यात्मिक नेता अयातुल्ला अली ख़मेनेई का प्रत्यक्ष समर्थन प्राप्त है.
पुलिस चेतावनी दे रही है कि महिलाओं को अगर छोटा पायज़ामा, ओवरकोट या पारदर्शी स्कर्ट पहने पाया गया तो उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई होगी.
स्कार्फ़ को इस तरह परिभाषित किया गया है जो सिर और गले को पूरी तरह ढँक ले.
पिछले छह महीनों के दौरान कथित तौर पर अनुचित तरीके से कपड़े पहनने के लिए हज़ारों महिलाओं को गिरफ़्तार किया गया या उन्हें चेतावनी दी गई.