http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 09 नवंबर, 2007 को 10:23 GMT तक के समाचार

सू ची पार्टी के सदस्यों से मिलीं

बर्मा में लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची ने लंबे समय के बाद अपनी पार्टी नेशनल लीग फ़ार डेमोक्रेसी के सदस्यों के साथ मुलाकात की है.

तीन वर्षों में यह पहला अवसर है कि जब सू ची को उनकी पार्टी के लोगों से मिलने की अनुमति दी गई है.

इस मुलाकात से पहले उन्होंने सैन्य सरकार के एक अधिकारी के साथ बातचीत की. इस अधिकारी को विपक्ष के साथ बातचीत के लिए नियुक्त किया गया है.

सू ची और उनकी पार्टी के सदस्यों के बीच रंगून के एक सरकारी गेस्टहाउस में मुलाकात हुई. अपने निवास पर नजरबंद सू ची को इस मुलाकात के लिए गेस्टहाउस ले जाया गया.

इससे पूर्व गुरूवार को सू ची ने एक बयान में कहा था कि वो सैन्य सरकार के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं लेकिन उन्होंने कहा कि सरकार के साथ बातचीत सार्थक और समयसीमा के तहत होनी चाहिए.

हाल में बर्मा में लोकतंत्र के समर्थन में हुए प्रदर्शनों के बाद बर्मा के सैन्य शासकों ने सू ची के साथ बातचीत करने की पेशकश रखी थी.