http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 17 अक्तूबर, 2007 को 01:32 GMT तक के समाचार

दलाई लामा ने की बुश से मुलाक़ात

तिब्बत के निर्वासित आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने चीन की चेतावनी के बावजूद व्हाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से मुलाक़ात की है.

चीन ने चेतावनी दी थी कि अगर अमरीका दलाई लामा से मिलता है तो अमरीका के साथ उसके संबंधों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है.

चीन उस समारोह से भी नाराज़ है जो बुधवार को अमरीकी कांग्रेस में लामा के सम्मान में आयोजित हो रहा है. इस समारोह में राष्ट्रपति बुश भी मौजूद होंगे और दलाई लामा को अमरीका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान कांग्रेसनल गोल्ड मेडल दिया जाएगा.

चीन के विदेश मंत्री यांग जिचे ने अमरीका से इस समारोह को निरस्त करने की मांग रखी थी और कहा था कि यह चीन के अंदरुनी मामलों में हस्तक्षेप है.

हालांकि व्हाइट हाउस की प्रवक्ता डाना पेरिनो ने कहा कि दलाई लामा और राष्ट्रपति बुश की बैठक राष्ट्रपति के निजी कमरे में हुई और इसका उद्देश्य चीन को उकसाना नहीं था.

चीन ने 1951 में तिब्बत पर कब्ज़ा कर लिया था और तब से यहां चीन का शासन है.

संवाददाताओं का कहना है कि दलाई लामा की अमरीका यात्रा संवेदनशील समय में हुई है. ऐसे समय में जब चीन की कम्युनिस्ट पार्टी बीजिंग में अगले पांच साल के राजनीतिक कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार कर रही है.